मैनपुरी में छेड़खानी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और छेड़खानी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, संजापुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी मनीष को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी मनीष के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और बाइक बरामद की गई।
मुठभेड़ के दौरान फायरिंग में सिपाही दिनेश कुमार भी घायल हो गए। उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में देर रात तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस का कहना है कि आरोपी मनीष पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि डायल 112 पर एक युवती द्वारा सूचना दी गई थी कि एक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर धमकाया। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी ने बताया, “पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसल गई और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। अभियुक्त पर कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।”












