प्रतापगढ़। जंक्शन के यार्ड का होगा आधुनिकीकरण, ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से विकास कार्य जारी है। अब स्टेशन के यार्ड को भी आधुनिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यार्ड अपग्रेड होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।रेलवे विभाग द्वारा यार्ड में पटरियों, स्लीपर और प्वाइंट्स को मजबूत किया जाएगा। साथ ही ट्रैक पैकिंग और नई पटरियां बिछाने का कार्य भी किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बारिश से पहले इस परियोजना पर काम शुरू करने की योजना है।स्टेशन पर पहले से ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुराने भवनों को हटाकर आधुनिक भवन बनाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन, कोच संकेतक और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
प्रतापगढ़ जंक्शन पर वर्तमान में 5 प्लेटफार्म हैं और प्रतिदिन लगभग 5 हजार यात्री यहां से सफर करते हैं। स्टेशन पर 20 से अधिक वाटर बूथ, 2 जनरल टिकट काउंटर, 2 आरक्षण काउंटर और 3 एलईडी स्क्रीन उपलब्ध हैं।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से यार्ड अपग्रेड न होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम हो जाती थी और कई बार ट्रेनों को आउटर पर रुकना पड़ता था। यार्ड मजबूत होने के बाद इस समस्या में काफी सुधार होगा। साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की संभावना है।पीडब्ल्यूआइ जितेंद्र कुमार के अनुसार, यार्ड सुदृढ़ीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें उज्जैन के एमपी हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त। मामला युवक की मौत का।












