विभाजन काल की स्मृतियों से भावुक हुआ जनसमूह

विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभाजन काल की स्मृतियों से भावुक हुआ जनसमूह

संवाददाता मुकेश कुमार 

एटा, 14 अगस्त 2025। शासन की मंशानुसार विगत वर्षों की भांति अपनी मातृभूमि के उन परिवारों को नमन करते हुए, जिन्होंने भारत के विभाजन के दौर में अपने परिजनों के प्राण न्योछावर किए, उनकी स्मृति में आज “विभाजन विभीषिका दिवस” मनाया गया। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के मार्गदर्शन में जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मुख्य कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर में प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक समारोह के रूप में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सर्वप्रथम विभाजन काल से जुड़े अभिलेख, फोटो, अखबारों की कतरनें, साहित्य, राजकीय अभिलेख और विस्थापित परिवारों की संरक्षित सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नाटक, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभाजन काल की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान का सजीव चित्रण किया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।

प्रोजेक्टर के माध्यम से उस दौर के वृत्त चित्र, ऐतिहासिक दस्तावेज़ और संस्मरण प्रदर्शित किए गए, जिससे नई पीढ़ी को उस कठिन समय के संघर्ष और त्याग की प्रेरणादायक जानकारी मिली। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रगौरव और इतिहास के प्रति संवेदनशीलता का भाव जागृत करते हैं।

कार्यक्रम के उपरांत वृक्षारोपण किया गया तथा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण हुआ। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. प्रीतम सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हर्षवर्धन सहित विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेमचंद जी ने किया और अंत में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें इंटर के छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से, पूरे ग्राम सभा में पसरा सन्नाटा

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें