प्रयागराज की सड़कों पर उमड़ी मातृशक्ति, स्कूटी रैली से गूंजा “नारी वंदन” का संकल्प’

नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन: 33% आरक्षण के सम्मान में प्रयागराज की सड़कों पर उमड़ी मातृशक्ति, स्कूटी रैली से गूंजा “नारी वंदन” का संकल्प’

संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में कुंभ नगरी प्रयागराज की सड़कों पर उस समय एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली, जब सैकड़ों महिलाओं ने स्कूटी रैली में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। यह भव्य रैली भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
रैली की शुरुआत प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के के.पी. ग्राउंड से हुई, जहां प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। पूरे मार्ग में महिलाओं का जोश, नारों की गूंज और ‘नारी शक्ति’ के प्रति गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कीडगंज स्थित के.एन. काटजू इंटर कॉलेज में जाकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनामिका चौधरी, गीता विश्वकर्मा, गणेश केसरवानी, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, शशि वाष्र्णेय एवं एसीपी निकिता श्रीवास्तव सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं के अधिकार और सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त बनाने का जो कार्य किया है, वह आने वाले समय में देश की दिशा और दशा दोनों बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।
रैली में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रभारी शैलेश पांडेय, यात्रा संयोजक आनंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के संकल्प का प्रतीक है।
पूरे आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रयागराज की मातृशक्ति अब केवल घर की सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राजनीति में भी अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ये भी पढ़ें इंदाछुई गांव में किसान की 3–4 एकड़ फसल जलकर राख, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप; मुआवजे की मांग तेज

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें