खुरपिया औद्योगिक क्लस्टर को दिसंबर 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य, सीएम धामी ने दी परियोजना की जानकारी
दैनिक चक्र ब्यूरो उत्तराखंड | फैयाज अहमद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले के खुरपिया में प्रस्तावित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर उत्तराखंड में औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। सरकार परियोजना का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सफल विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नई दिल्ली में सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए 1002 एकड़ भूमि पूरी तरह उत्तराखंड इंडस्ट्रियल टाउनशिप लिमिटेड को हस्तांतरित की जा चुकी है। वर्तमान में परियोजना स्थल पर किसी प्रकार की बाधा नहीं है। इससे निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने का आधार तैयार हो गया है।
उन्होंने कहा कि खुरपिया एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर के लिए दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत नागला-किच्छा स्टेट हाईवे के 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने की कार्रवाई की जा रही है।
परियोजना के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पिटकुल की ओर से 400 और 220 केवी के उपकेंद्रों के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। वहीं, परियोजना के तहत कुल 24.1 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य ठेकेदार को दिया गया है। इसके विकास के लिए अनुबंध 20 मार्च 2026 को किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी बड़े औद्योगिक क्लस्टर की सफलता केवल औद्योगिक इकाइयों की स्थापना तक सीमित नहीं होती, बल्कि बेहतर बुनियादी ढांचा, निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम से परियोजना को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारने के लिए सहयोग एवं समन्वय की अपेक्षा की।
सीएम ने कहा कि खुरपिया औद्योगिक क्लस्टर उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें आखिर बाबा रामदेव से क्यों कहा , मेरी जवानी और मेरी बेडरूम के बारे में दिन में सपना ना देखो: कंगना












