मजदूरी के भुगतान के विवाद में घर मालिक की क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या, तीन आरोपी फरार
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के चमनगंज गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार रात राजमिस्त्री और उसके दो साथियों ने कथित रूप से क्रिकेट बैट से हमला कर घर मालिक राममिलन गुप्ता (55) की हत्या कर दी।जानकारी के अनुसार, चमनगंज निवासी राममिलन गुप्ता के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार रात करीब 9:30 बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर राजमिस्त्री राजा राम और उसके दो साथियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने क्रिकेट बैट से राममिलन गुप्ता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें बहु-बेटी सम्मेलन का आयोजन, बालिकाओं को किया गया जागरूक












