थ्रेसर मशीन बना काल: गेहूं निकालते समय युवक की दर्दनाक मौत
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस जिले के हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना कल देर रात उस समय हुई जब युवक गेहूं निकालने का काम कर रहा था। मृतक की पहचान प्रमोद पुत्र कुंवरपाल सिंह निवासी सलेमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक उसका हाथ और सिर थ्रेसर मशीन में फंस गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन व ग्रामीण तुरंत उसे इलाज के लिए हसायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हाथरस जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही प्रमोद ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अपने पीछे एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।












