पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया
संवाददाता : महफूज आलम
गणेशपुर, पचपेड़वा (बलरामपुर)
पचपेड़वा (बलरामपुर)। थाना पचपेड़वा पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर चाकू और फरसे से जानलेवा हमला करने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पचपेड़वा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने हमले में शामिल दो वांछित अभियुक्तों मो. आरिफ और मो. तारीक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में संलिप्त एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। बताया गया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते मो. शफी पर चाकू और फरसे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय रवाना कर दिया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।












