कंधई में एक घंटे के भीतर दो सड़क हादसे, दो युवक गंभीर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज रेफर कर दिया गया।पहली दुर्घटना रात करीब आठ बजे पट्टी-चिलबिला मार्ग पर तरदहा गांव के समीप हुई। मेहंदिया गांव निवासी प्रेमचंद (38) बाइक से पट्टी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पट्टी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।दूसरी घटना रात करीब नौ बजे अमसौना गांव के पास हुई। राहुल (25) बाइक से आसलपुर बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। बाजार मोड़ के निकट एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से राहुल को सीएचसी बेलखरनाथ धाम पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।सूचना पर दीवानगंज चौकी पुलिस दोनों घटनास्थलों पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें प्रवक्ता परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट












