पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्री मती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा को संयुक्त पुलिस टीम द्वारा सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर










पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तीनों जोन में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा के दृष्टिगत नोएडा जोन में 05, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 तथा ग्रेटर नोएडा जोन में 07, कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर 10,822 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पर्यवेक्षण अधिकारी के साथ एक पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारी, अन्य पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की भी नियुक्ति की गई है। अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सहायता के लिए बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन तथा अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों के निकट पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए गए तथा सिविल पुलिस व यातायात पुलिस की ड्यूटियों का भी व्यवस्थापन किया गया है, जिससे कि परीक्षार्थियों को संबंधित परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी महत्वपूर्ण स्थानों/ चौराहों एवं परीक्षा केन्द्रों के आसपास ‘डायल-112’ पीआरवी वाहनों को तैनात किया गया है। समुचित सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी कानून-व्यवस्था एवं निर्बाध यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा परीक्षा केन्द्रों एवं उनके आसपास सभी महत्वपूर्ण स्थानों/ चौराहों पर 1,000 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने जोन के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का लगातार भ्रमण एवं निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा यातायात प्रबंधन का गहन जायजा लिया जा रहा है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर फ्रिस्किंग/चेकिंग तथा शांति व्यवस्था के दृष्टिकोण से पृथक-पृथक ड्यूटियों का व्यवस्थापन किया गया है। साथ ही केन्द्र व्यवस्थापकों एवं NTA के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि धारा 163 BNSS प्रभावी की गयी है।परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, सुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा श्री साद मिया खान, पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम व अन्य अधिकारीगण लगातार भ्रमणशील हैं। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस परीक्षा अवधि के दौरान सतर्क निगरानी बनाए रखते हुए। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है, ताकि सभी अभ्यर्थी सुरक्षित एवं तनावमुक्त वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें।पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर।












