लखनऊ में फर्जी पहचान के साथ रह रही उज्बेक महिला गिरफ्तार, वीजा भी निकला नकली
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान
लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को हिरासत में लिया है। जांच में महिला की पहचान और दस्तावेज दोनों फर्जी पाए गए हैं। पुलिस ने विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस के अनुसार 21 मार्च की रात करीब 1 बजे पानदरीबा इलाके में गश्त के दौरान एक विदेशी महिला सड़क किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। उसके पास कुछ लोग आते-जाते और बातचीत कर रहे थे। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मिशन शक्ति केंद्र पहुंचाया।
पूछताछ में खुला फर्जी नाम का राज
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम ‘मुबीन’ बताया और खुद को उज्बेकिस्तान की निवासी बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियों को सूचना दी गई। जब दूतावास से संपर्क किया गया तो महिला की असली पहचान ‘खुजेविया जियोडा’ के रूप में सामने आई।
वीजा भी निकला फर्जी
जांच के दौरान महिला के पास मिला वीजा भी नकली पाया गया। इस पर पानदरीबा पुलिस चौकी में तैनात दरोगा नीरज कुमार सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया।
FIR दर्ज, कई पहलुओं पर जांच जारी
थाना प्रभारी अभिनव वर्मा ने बताया कि 23 अप्रैल की शाम नाका थाने में महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। उसका पासपोर्ट जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह शहर में कहां रह रही थी और भारत आने का उसका मकसद क्या था।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही हैं।












