5 दिन से अंधेरे में तीन गांव, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

5 दिन से अंधेरे में तीन गांव, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

कुण्डा, प्रतापगढ़। कुण्डा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मीरपुर, वनपुरवा और टिकाऊ दुबे का पुरवा गांव में पिछले पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बावजूद अब तक उसे बदला नहीं गया, जिससे हजारों लोग भीषण परेशानी का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उमस और गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात के समय अंधेरा रहने से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुण्डा विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर का मोबाइल फोन पिछले कई दिनों से बंद है, जिससे शिकायत दर्ज कराने और समस्या के समाधान के लिए संपर्क नहीं हो पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार 24 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलने का दावा करती है, लेकिन यहां पांच दिन बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर विभागीय अधिकारी इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे कुण्डा विद्युत उपकेंद्र का घेराव करेंगे। साथ ही जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुण्डा विधायक राजा भैया से शिकायत करने तथा उग्र आंदोलन शुरू करने की भी तैयारी कर रहे हैं।

(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके दावों पर आधारित है। विभागीय पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें