लखनऊ में बदला मौसम: तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट, तापमान में गिरावट के आसार
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत


लखनऊ में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। शहर में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के झोंकों से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने जिले के कई इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि दिन के दौरान ज्यादातर समय मौसम साफ रहने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज दिन में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी। इससे पहले गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.01 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा था।
मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही यह भी संकेत दिए गए हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो चुका है, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल सकता है और अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार ईरान-अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी भरी हवाओं के टकराव से बादल बन रहे हैं, जिससे बारिश हो रही है। इस बदलाव के चलते प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम और भी सुहावना हो सकता है।












