बांग्लादेश को हराकर वेस्टइंडीज ने सीरीज में बनाई बढ़त
रिपोर्टर: राज भूषण वर्मा | खेल डेस्क
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। सोमवार को खेले गए पहले मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने बांग्लादेश को 16 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
चट्टोग्राम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.4 ओवर में 149 रन पर सिमट गई।
कैरेबियाई गेंदबाजों का कहर
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अकील हुसैन और जायडेन सील्स ने मिलकर मात्र 41 रन पर शीर्ष चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद जेसन होल्डर ने भी धारदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
बांग्लादेश की पारी तास्किन अहमद के हिटविकेट होने के साथ समाप्त हुई। वेस्टइंडीज की ओर से जायडेन सील्स और जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन को दो सफलताएं मिलीं। खैरी पियरे और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।
पॉवेल-होप की तूफानी बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को एलिक एथांजे (34) और ब्रेंडन किंग (33) ने 59 रन की मजबूत साझेदारी दिलाई। रिषाद हुसैन ने एथांजे को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी, वहीं तास्किन अहमद ने लगातार दो गेंदों पर किंग और रदरफोर्ड को आउट कर मेजबान टीम को वापसी कराई।
इसके बाद कप्तान शाई होप और रोवमैन पॉवेल ने मोर्चा संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 83 रनों की नाबाद साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ प्रहार किया।
होप ने 28 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 46 रन बनाए, जबकि पॉवेल ने भी 28 गेंदों पर नाबाद 44 रन की शानदार पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से तास्किन अहमद को दो और रिषाद हुसैन को एक विकेट मिला।
अगला मुकाबला
वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला बुधवार को चट्टोग्राम में खेला जाएगा।
— दैनिक चक्र स्पोर्ट्स डेस्क
ये भी पढ़ें 32वें रामायण मेला का अद्भुत नज़ारा, श्रृंगवेरपुर धाम भक्ति से सराबोर












