पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश, CID एपिसोड और वेब सीरीज से सीखा हत्या का तरीका
जयपुर। राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश रचने के लिए आरोपियों ने वेब सीरीज, CID के एपिसोड और गूगल सर्च से ‘ट्रिक’ सीखी।
कैसे रची साजिश?
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला संतोष रैगर ने अपने प्रेमी ऋषि श्रीवास्तव और उसके दोस्त मोहित शर्मा के साथ मिलकर पति मनोज रैगर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जन्माष्टमी के दिन मोहित ने मनोज को इस्कॉन मंदिर दर्शन कराने के बहाने ई-रिक्शा में बुलाया। रास्ते में सुनसान इलाके सुमेर नगर में ले जाकर ऋषि और मोहित ने धारदार हथियार से मनोज का गला रेतकर हत्या कर दी।
CCTV ने खोला राज़
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। रिक्शा में बैठे संदिग्ध की पहचान मोहित शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में मोहित ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सवालों के घेरे में डिजिटल कंटेंट
इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वेब सीरीज, क्राइम शो और डिजिटल प्लेटफॉर्म अब अपराधियों के लिए ‘क्राइम मैनुअल’ बनते जा रहे हैं? पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और कई और खुलासों की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें एटा: किसानों ने एसडीओ कार्यालय पर जड़ा ताला, फर्जी मुकदमे वापस लेने की उठी मांग












