भैंस की बिक्री को लेकर विवाद, महिला से मारपीट कर किया गंभीर घायल

भैंस की बिक्री को लेकर विवाद, महिला से मारपीट कर किया गंभीर घायल

संवाद दाता:पंकज मिश्रा

मैनपुरी। करहल थाना क्षेत्र के नगला बिहारी गांव में भैंस बेचने को लेकर हुआ आपसी विवाद हिंसक हो गया। मामूली कहासुनी के बाद ससुरालियों ने एक महिला के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुरालियों ने पहले ही उसकी भैंस को बेच दिया था। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। महिला का यह भी कहना है कि इस मामले में उसने पहले करहल थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए।
ताजा घटना में भैंस की बिक्री को लेकर फिर से विवाद हुआ और आरोपियों ने महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। करहल थाना पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें