प्रयागराज में वैदिक विधि से संपन्न हुआ यज्ञोपवीत संस्कार, आध्यात्मिक वातावरण में गूंजे मंत्र
संवाददाता: आदित्य द्विवेदी, ऊंचाहार
प्रयागराज (नई झूंसी)। श्री राधा कृष्ण वेद विद्यालय, धर्मशाला, नई झूंसी में वैदिक परंपरा के अनुरूप शुभ यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर विद्यालय के आचार्यगण के सान्निध्य में विद्यार्थियों का उपनयन संस्कार विधिपूर्वक कराया गया। सम्पूर्ण अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ संपन्न हुआ, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ संस्कार में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकगण गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए। सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यज्ञोपवीत संस्कार भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो बालक के जीवन में अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और ज्ञानार्जन की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। यह संस्कार विद्यार्थियों को आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करता है।विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम संस्कारों की कामना करते हुए इस आयोजन को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया।












