युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक का बिना ब्याज ऋण
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। जिले के युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार की ओर से बिना ब्याज ऋण योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत पात्र युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज उपलब्ध कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार 21 से 40 वर्ष तक के युवा इस योजना का लाभ ले सकेंगे। योजना का उद्देश्य युवाओं को नौकरी की तलाश करने के बजाय खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना है, जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत आवेदन करने वाले युवाओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। चयनित युवाओं को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे उद्योग, दुकान या अन्य सेवा से जुड़ा व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस योजना से युवाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और छोटे स्तर पर उद्योग-धंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।












