हाईवे किनारे लहूलुहान हालत में मिला अधेड़, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत; अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हाईवे किनारे लहूलुहान हालत में मिला अधेड़, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत; अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस।

संवादाता अमन अहमद एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में हाईवे पर शुक्रवार सुबह गंभीर हालत में मिले करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की जिला मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यक्ति के सड़क हादसे में घायल होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की वजह और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, थाना मलावन क्षेत्र के गांव कुरान निवासी जालम सिंह (50) शुक्रवार सुबह हाईवे स्थित छचेना पुल के नीचे चौधरी बदन सिंह इंटर कॉलेज के पास गंभीर हालत में पड़े मिले। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

ग्रामीण सोनू चौहान के अनुसार, जालम सिंह के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी सामने आई है। उनकी हालत काफी गंभीर थी। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही जालम सिंह के परिजन और गांव के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली नगर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जालम सिंह को किस वाहन ने टक्कर मारी और हादसा किस समय हुआ था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें