कार्तिक पूर्णिमा पर गोकना गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
संवाददाता धीरेंद्र कुमार
भोर की पहली किरण के साथ गूंजा ‘हर-हर गंगे’ का जयघोष
ऊँचाहार के पौराणिक गोकना घाट से लेकर मेले तक सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
ऊँचाहार (रायबरेली)। पावन कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को ऊँचाहार क्षेत्र स्थित पौराणिक एवं ऐतिहासिक गोकना गंगा घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा की अविरल धारा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
स्नान के दौरान पूरा गंगा तट ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगे’ के पवित्र उद्घोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों में दर्शन किए और पुरोहितों को अन्न, वस्त्र व द्रव्य का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं और बच्चों में इस पावन पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
गंगा स्नान के साथ ही घाट परिसर में लगे पारंपरिक मेले में भी भारी भीड़ जुटी रही, जहाँ लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद उठाया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस महकमे की ओर से घाट से लेकर मेला क्षेत्र तक सुरक्षा के व्यापक व चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घाट पर गोताखोरों की टीम, जल पुलिस और भारी पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।











