ऊंचाहार के गोकना घाट पर कतिकी मेला शुरू, कैबिनेट मंत्री ने की महाआरती

ऊंचाहार के गोकना घाट पर कतिकी मेला शुरू, कैबिनेट मंत्री ने की महाआरती

संवाददाता धीरेंद्र कुमार पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर ऊंचाहार विधायक व खाद एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय अपनी धर्मपत्नी नीलम पांडेय और कार्यकर्ताओं के साथ गोकना घाट पहुंचे। वैदिक परंपराओं के अनुरूप फीता काटकर मेले का शुभारंभ करने के बाद पंडित गगन तिवारी व मगन तिवारी ने मंत्रोच्चार के साथ नारियल फोड़कर स्नान व मेले की औपचारिक शुरुआत कराई।

इसके बाद फल, फूल और नारियल जलधारा में प्रवाहित कर श्रद्धालुओं के संग गंगा महाआरती की गई। घाट पर लगभग 2100 दीप प्रज्वलित कर मां गंगा को समर्पित किए गए, जिससे समूचा तट दीपोत्सव की आभा से दमक उठा।

पौराणिक महत्व और दूर-दराज से उमड़ने वाली आस्था

संबोधन के दौरान मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि गोकना गंगा घाट का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व अनादि काल से रहा है। यहां मां गंगा के दक्षिणवाहिनी होने के कारण सिद्धि प्राप्ति के उद्देश्य से महर्षि गोकर्ण ऋषि और राजा भागीरथ ने तपस्या की थी, जिसका उल्लेख वेदों में भी मिलता है।

उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा, मौनी अमावस्या और माघी पूर्णिमा जैसे अवसरों पर रायबरेली के अलावा फतेहपुर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ सहित विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा की धार्मिक मान्यताएं

मंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी पावन तिथि पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक असुर का वध किया था। वहीं, भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण कर ऋषि-मुनियों तथा वेद-पुराणों की रक्षा की थी, इसी कारण इस दिन गंगा पूजन का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां तुलसी का प्राकट्य भी इसी दिन हुआ था। कार्तिक मास भर तुलसी के समक्ष दीप प्रज्वलित करने के बाद पूर्णिमा पर गंगा, यमुना या अन्य पवित्र नदियों में स्नान कर दीपदान करने की परंपरा है।

प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु रहे मौजूद

इस अवसर पर एसडीएम विवेक राजपूत, तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी, कोतवाल मनबोध तिवारी, आशीष तिवारी, बृजेश यादव, रज्जन दुबे, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित जीतेंद्र द्विवेदी, ननकऊ तिवारी, प्रमोद सिंह फौजी, नारेंद्र शुक्ल और अनिल पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व श्रद्धालु गंगा महाआरती और दीपदान में शामिल हुए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें