ब्रह्मज्ञान हर मानव के लिए जरूरी है – निरंकारी संत
गांव निधौली कलां में जनमानस को दिया निरंकारी मिशन का आध्यात्मिक संदेश
संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा। “जन्म मरण के चक्कर से वही नर मुक्ति पाएगा, सतगुरु से ले ब्रह्मज्ञान को जीवन में अपनाएगा”_ निरंकारी मिशन के इस संदेश की व्याख्या मथुरा के जोनल इंचार्ज संत श्री एच.के. अरोड़ा जी ने यहां गांव निधौली कलां में आयोजित सत्संग में की। उन्होंने कहा कि ब्रह्मज्ञान हर मानव के लिए जरूरी है।सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के प्रेरक मार्गदर्शन में निरंकारी मिशन संसार के समस्त मानवमात्र को प्यार, नम्रता, सहनशीलता और एकत्व के दिव्य संदेश के साथ जोड़कर ब्रह्मज्ञान द्वारा आध्यात्मिक और सामाजिक जागृति प्रदान कर रहा है।निरंकारी संत ने कहा कि मानव जीवन परमात्मा की प्राप्ति के लिए मिला है। परमात्मा का साक्षात्कार ही मानव जीवन को कल्याणकारी और श्रेष्ठ बना सकता है। चौरासी लाख योनियों में विचरण कर रहे सभी जीव-जंतुओं में मानव ही एक ऐसा प्राणी है, जो सतगुरु द्वारा प्राप्त ब्रह्मज्ञान से परमात्मा का साक्षात्कार कर अपने जीवन के परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।उन्होंने कहा कि गुरु बिन ज्ञान और ज्ञान बिना भक्ति हमेशा अधूरी रहती है। जिस प्रकार समुद्र के खारे पानी से भरी बोतल को ढक्कन लगाकर मीठे जल की नदी में छोड़ दिया जाए, तब भी उस बोतल के पानी का खारापन खत्म नहीं होगा। इसके लिए उस बोतल का ढक्कन खोलना जरूरी है, तभी वह नदी के पानी के साथ घुल-मिल कर मीठा बन सकेगा। इसी प्रकार सतगुरु भी अपने भक्त की आत्मा पर चढ़े शारीरिक आवरण की महत्ता को ब्रह्मज्ञान के प्रकाश से मार्गदर्शन कराकर उसे सेवा, सुमिरन एवं सत्संग द्वारा कल्याणकारी और सार्थक जीवन प्रदान करता है।इस मौके पर आगरा से आए संत श्री उमेश निरंकारी ने बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के संदेश _”मानव को हो मानव प्यारा, एक दूजे का बने सहारा”_ को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संसार की मंगल कामना और मानव के सच्चे हितैषी केवल ब्रह्मज्ञानी महात्मा होते हैं। इसका उदाहरण निरंकारी मिशन द्वारा चलाए जा रहे रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर, शिक्षण संस्थान, पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान हैं, जो सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में चल रहे हैं।
इस अवसर पर जिला एटा के अलीगंज, अवागढ़, कल्याणपुर, निधौली कलां सहित आगरा और भिवाड़ी के भक्तजनों ने गीत-भजन और विचारों के माध्यम से जागृति प्रदान की। सत्संग का संचालन अमित कुमार ने किया।











