जन्माष्टमी पर कुंडा में मेगा प्लान, विदासिन से मनगढ़ तक रहेगा नो-व्हीकल जोन

जन्माष्टमी पर कुंडा में मेगा प्लान, विदासिन से मनगढ़ तक रहेगा नो-व्हीकल जोन

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

4 सितंबर को भारी वाहनों पर रोक, पैदल श्रद्धालुओं को ही मिलेगी अनुमति; सुरक्षा में तैनात होंगे 1000 से अधिक पुलिसकर्मी

कुंडा/प्रतापगढ़। जन्माष्टमी पर्व पर मनगढ़ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। 4 सितंबर को विदासिन चौराहे से मनगढ़ चौराहे तक मार्ग को नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा। इस दौरान इस मार्ग पर केवल पैदल श्रद्धालुओं को आवागमन की अनुमति होगी।

आवश्यक सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहनों को जरूरत के अनुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी। कुंडा की ओर से आने वाले वाहनों को विदासिन चौराहे पर, जबकि खनवारी की ओर से आने वाले वाहनों को मीरापुर चौराहे पर रोकने की व्यवस्था की जा रही है। भारी वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी।

1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात कर भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और आपात स्थिति से निपटने की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

व्यवस्था को परखने के लिए थाना प्रभारी कुंडा अरविंद सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम संजय सिंह और थाना प्रभारी संग्रामगढ़ अवन कुमार दीक्षित ने पुलिस टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल की। इस दौरान संभावित भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

थाना प्रभारी कुंडा ने जन्माष्टमी पर मनगढ़ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। व्यवस्था बिगाड़ने या अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की तैयारियों से साफ है कि इस बार जन्माष्टमी पर मनगढ़ धाम में भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें