दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

संवाददाता – अश्वनी कुमार

हाथरस। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर महिला थाने में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, अप्राकृतिक संबंध बनाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 15 फरवरी 2015 को भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव साबोरा निवासी मनोज पुत्र रमय सिंह के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने लगभग 15 लाख रुपये नकद, घरेलू सामान और जेवरात दिए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति द्वारा अतिरिक्त दहेज में चार पहिया बुलेरो गाड़ी, एक भैंस और सोने की लड़ी की मांग की जाने लगी। महिला ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। साथ ही, उस पर जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी दबाव डाला गया। पीड़िता ने यह बातें अपने मायके पक्ष को बताईं, जिसके बाद दोनों परिवारों के समझाने पर कुछ समय के लिए मामला शांत हो गया था। पीड़िता ने बताया कि उसका 10 वर्षीय एक बेटा भी है। आरोप है कि 27 अप्रैल को पति ने उसे बेरहमी से पीटा और जबरन चार पहिया वाहन में बैठाकर गांव के बाहर ले जाकर भी मारपीट की। इस दौरान पति ने धमकी दी कि जब तक वह अतिरिक्त दहेज में बुलेरो गाड़ी नहीं लाएगी, तब तक वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा और न ही उसके बेटे से मिलने देगा। महिला का यह भी आरोप है कि जाते-जाते पति ने उसे और उसके भाई अजीत को झूठे मुकदमे में फंसाने, जान से मारने तथा अजीत के दोनों बच्चों को उठाने की धमकी दी।

पीड़िता ने बताया कि जब वह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के आदेश पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें