नौरंगपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, गले पर मिले निशान; छह माह की मासूम के सिर से उठा मां का साया
संवादाता :पंकज मिश्रा कुरावली (मैनपुरी)। थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम नौरंगपुर (खेतूपुरा) में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में हड़कंप मच गया। विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के गले पर निशान मिलने से मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, छह माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान मुस्कान उर्फ रश्मि पत्नी अमर सिंह कोरी निवासी ग्राम नौरंगपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि मुस्कान की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में छह माह की एक छोटी बच्ची भी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता की हालत बिगड़ने पर उसका पति 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरावली लेकर पहुंचा। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई। विवाहिता के गले पर निशान पाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया।











