मैनपुरी में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप
संवाददाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिले के थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम नादऊ में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पलक के रूप में हुई है। मामले में उसके पिता भुवनेश उर्फ सीतू पर बेटी को गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी की मौत के बाद शुरुआत में परिजनों की ओर से छत से गिरने की बात बताई गई थी। हालांकि, मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान घर के अंदर खून से लथपथ शव मिलने और घटना वाले दिन ही जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराए जाने की बात सामने आई है। इन परिस्थितियों ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है।











