प्रतापगढ़ में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, एसपी दीपक भूकर ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
हेलमेट वितरित कर किया जागरूक, बोले- हेलमेट चालान से बचने का नहीं, जीवन बचाने का माध्यम
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने राजापाल टंकी चौराहा पर फीता काटकर यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया। इस वर्ष अभियान की थीम “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” रखी गई है।
कार्यक्रम में एएसपी पूर्वी आलोक कुमार, सीओ यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी मनोज कुमार, नगर कोतवाली प्रभारी सुभाष कुमार यादव सहित पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, वाहन चालक एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान एसपी दीपक भूकर ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की अपील की।
एसपी ने लोगों को हेलमेट वितरित करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के दौरान जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने, तीन सवारी न बैठाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
एसपी ने बताया कि पूरे नवंबर माह में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जागरूकता रैलियां, स्कूलों में गोष्ठियां, पंपलेट एवं रिफ्लेक्टर वितरण और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।











