महाराणा प्रताप चौक और पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में चला विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों को नियमित सफाई के निर्देश
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से रविवार सुबह महाराणा प्रताप चौक एवं पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से सफाई कराई जाए। कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जनपदवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी लोग न स्वयं गंदगी फैलाएं और न ही दूसरों को ऐसा करने दें।
प्रशासन ने स्वच्छ एटा, स्वस्थ एटा के संकल्प को साकार करने के लिए आमजन से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की है।











