पावर हाउस कर्मचारी पर जानलेवा हमले का आरोप, पीड़ित ने जारी चौकी में तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाददाता आयुष मिश्र
जारी प्रयागराज । यमुनापार के जारी विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत एक कर्मचारी ने दो व्यक्तियों पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित आलोक विक्रम सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह, निवासी रामपुर, जो जारी पावर हाउस में मीटर रीडर के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने बताया कि दिनांक 10 जून 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे वह अपने कार्यस्थल जारी पावर हाउस में मौजूद थे।आरोप है कि इसी दौरान अरुण सिंह एवं महेश सिंह, निवासी मैदा, वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने गेट का लोहे का रॉड उठाकर उन पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।पीड़ित ने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाकर वह मौके से भागने में सफल रहे। उन्होंने घटना की शिकायत संबंधित थाने में देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।












