वायरल वीडियो में बैल के साथ क्रूरता करने वाले व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, एक गिरफ्तार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। थाना महेशगंज क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में बैल के साथ मारपीट और क्रूरता करने के मामले में महेशगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में थाना महेशगंज पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच की। जांच के दौरान वीडियो में बैल के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान रंजीत पाण्डेय पुत्र ओमप्रकाश पाण्डेय, निवासी ग्राम सराय स्वामी, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त बैल अभियुक्त का ही है। बैल को उठाने के प्रयास के दौरान उसके साथ अनावश्यक रूप से मारपीट कर चोट पहुंचाई गई थी। मामले में महेशगंज थानाध्यक्ष संदीप तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्त उत्तेजित होकर फौजदारी पर आमादा हो गया तथा उसके कारण शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उसे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चालानी रिपोर्ट माननीय न्यायालय में प्रेषित कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, थाना महेशगंज शामिल रहे।












