हाथरस में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस में रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम जलेसर रोड स्थित कांशीराम टाउनशिप के बाहर आयोजित किया गया, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कल्याण सिंह के जीवन, व्यक्तित्व और उनके राजनीतिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उन्हें “हिंदू हृदय सम्राट” बताते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के लिए अपने मुख्यमंत्री पद तक की परवाह नहीं की और सदैव अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। वक्ताओं ने कहा कि कल्याण सिंह जन-जन के नेता थे और उनके कार्यकाल में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत रही। उन्होंने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया और अपनी सादगी व स्पष्टवादिता के कारण जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाया। कार्यक्रम के अवसर पर हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया गया। इस दौरान लक्ष्मण सिंह लोधी, जय प्रकाश लोधी, विक्रम सिंह लोधी, रूपकिशोर लोधी, राम सिंह लोधी, हीरालाल लोधी, जितेंद्र लोधी, शैलेंद्र लोधी, महेंद्र लोधी, बबलू लोधी, हरिओम लोधी, पुष्पेंद्र लोधी, मुन्नालाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
वहीं, कल्याण सिंह की जयंती के अवसर पर जिले के कई भाजपा कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लखनऊ भी रवाना हुए।












