लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
मथुरा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती इस बार बड़े ही धूमधाम और भव्य तरीके से मनाई जाएगी। धनगर समाज के लोगों द्वारा आयोजित बैठक में जयंती समारोह को लेकर कई महत्वपूर्ण बदलावों पर चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि हर साल की अपेक्षा इस बार जयंती यात्रा को और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि जयंती रैली में करीब दो हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। वहीं रैली की विशेष आकर्षण सात प्रकार की भव्य झांकियां होंगी, जिनमें लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, संस्कृति और समाज सेवा की झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों का कहना है कि इन झांकियों के माध्यम से दिव्यता और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। रैली डैंपियर नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों भरतपुर गेट, होलीगेट और विकास बाजार से होती हुई पुनः लोकमाता अहिल्याबाई होलकर चौराहा डैंपियर नगर पर पहुंचेगी। आयोजन समिति ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।












