बुलन्दशहर में फर्जी CBI अधिकारी बनकर डकैती करने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार

बुलन्दशहर में फर्जी CBI अधिकारी बनकर डकैती करने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार

दो इनामी अपराधी भी गिरफ्त में, 13.30 लाख नकद व लूटे गए आभूषण बरामद

संवाददाता: पवन सूर्यवंशी. बुलन्दशहर। थाना अनूपशहर पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर व्यापारी के घर डकैती करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह के 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश भी शामिल हैं।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 13 लाख 30 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल, 03 अवैध असलहे एवं 06 कारतूस बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी 31 दिसंबर 2025 को मखैना नहर की पुलिया के पास की गई।

इस संबंध में थाना अनूपशहर पर मुअसं-484/25 धारा 310(2)/111/317(3) बीएनएस व 3/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। सभी अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

  1. इन्द्रपाल उर्फ ताऊ उर्फ गुड्डू पुत्र देवेन्द्र, निवासी पिसावा, अलीगढ़ (कुख्यात अपराधी)
  2. याकेश यादव उर्फ छोटू पुत्र किशनपाल, निवासी नगला जीवाराम, अलीगढ़
  3. यशपाल यादव उर्फ राजा पुत्र राजू, निवासी चिरौरी, बुलन्दशहर
  4. सचिन यादव पुत्र रामविरेश, निवासी हारून नगला, अलीगढ़
  5. संजय शर्मा पुत्र रामदेव, निवासी ऐचोरा, बुलन्दशहर

अपराध का तरीका (Modus Operandi)

पुलिस के अनुसार अभियुक्त इन्द्रपाल उर्फ ताऊ एक शातिर एवं कुख्यात डकैत है, जो हर बार अलग-अलग विभागों का कर्मचारी बनकर वारदात को अंजाम देता है। पूर्व में वह बिजली विभाग व पुलिस कर्मी बनकर घटनाएं कर चुका है। इस बार गिरोह ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर व्यापारी के घर में प्रवेश कर डकैती की।

दिनांक 19 दिसंबर 2025 को बदमाशों ने व्यापारी के घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूट ली थी। इस मामले में इन्द्रपाल एवं याकेश की गिरफ्तारी पर एसएसपी बुलन्दशहर द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि इन्द्रपाल जमानत पर जेल से छूटने के बाद अनूपशहर आया था। पैसों की जरूरत के चलते संजय शर्मा से संपर्क हुआ, जिसने व्यापारी के घर में बड़ी रकम होने की जानकारी दी। इसके बाद सभी ने योजना बनाकर पहले रेकी की और फिर डकैती को अंजाम दिया।

बरामदगी

  • सोने-चांदी के आभूषण (करीब 280 ग्राम)
  • 13,30,000 रुपये नकद
  • 02 मोटरसाइकिल (अपाचे व एचएफ डीलक्स)
  • 03 अवैध असलहे व 06 कारतूस

पुलिस को सम्मान

डकैती की घटना का सफल अनावरण करने पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन द्वारा स्वाट टीम व थाना अनूपशहर पुलिस टीम को 50-50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

ये भी पढ़ें समाज सेविका रेखा किन्नर द्वारा, गरीब असहायों को वितरित किया गया कंबल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें