प्रयागराज के हनुमान मंदिर के दानपात्र में मिले 9 नकली नोट, केंद्रीय एजेंसियों ने शुरू की जांच
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। संगम नगरी प्रयागराज के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के दानपात्र से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 9 नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया है। यह मामला तब सामने आया जब मंदिर प्रशासन द्वारा दानपात्र में जमा धनराशि को बैंक में जमा कराने के लिए भेजा गया। बैंक में जांच के दौरान नोट नकली पाए गए, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।जानकारी के अनुसार, दानपात्र में मिले नकली नोटों में 500, 200 और 100 रुपये के नोट शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों के साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर यह माना जा रहा है कि कोई श्रद्धालु जानबूझकर मंदिर के दानपात्र में नकली नोट नहीं डालेगा। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि प्रयागराज के बाजार में नकली नोटों की खेप सक्रिय हो सकती है और अनजाने में लोगों के माध्यम से ये नोट चलन में आ गए हों। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली नोट कहां से आए और क्या शहर में किसी संगठित गिरोह द्वारा नकली मुद्रा का प्रसार किया जा रहा है। साथ ही बैंक और सुरक्षा एजेंसियां भी नोटों की जांच कर उनके स्रोत तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। ।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नकदी के लेन-देन के दौरान नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें और किसी भी संदिग्ध नोट की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।












