लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत
बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में पुलिस ने बाइक और मोबाइल लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन तथा अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 4 जून की शाम उदेलापुर निवासी वीरपाल सिंह अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। रात करीब 7:30 बजे ग्राम मिन्नतपुर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनकी मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस को मिले संदिग्ध
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार देर रात देवीपुरा बाजार के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों नीचे गिर पड़े।
पुलिस पर झोंका फायर
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी करन मौर्य के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी ओमकार भागने में सफल नहीं हो सका और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल करन मौर्य को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय करन मौर्य और 23 वर्षीय ओमकार के रूप में हुई है। दोनों बहेड़ी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने 4 जून को मिन्नतपुर के पास वीरपाल सिंह से बाइक और मोबाइल लूटने की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने यह भी बताया कि पहचान छिपाने के लिए उन्होंने लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट हटा दी थी।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
लूटी गई मोटरसाइकिल
मोबाइल फोन
दो अवैध तमंचे
दो जिंदा कारतूस
एक खोखा कारतूस
पुलिस ने दर्ज किए अतिरिक्त मुकदमे
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि बाइक और मोबाइल लूट की घटना में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ है, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ लूट, पुलिस पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है।












