जैथरा में जमीनी विवाद पर बवाल: घर में घुसकर की मारपीट, छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के धरौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला साम
ने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धरौली निवासी ज्ञान सिंह पुत्र राम प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने घर पर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान जमीनी विवाद के चलते विपक्षी अनवर पुत्र अहमद (धरौली), आशिक पुत्र कमालुद्दीन (झुडा), लालता प्रसाद पुत्र मजनू (नगला लीलाधर), रजत पुत्र टीटू (ढीपा) समेत तीन-चार अन्य लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए ज्ञान सिंह के साथ लात-घूसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस घटना में पीड़ित को चोटें आईं। उसने 2 नवंबर को थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट की घटना हुई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।












