अलीगंज सीएचसी में बीडब्ल्यूआर बैठक: अनुपस्थित चार एएनएम का वेतन रोका, कार्य सुधार के दिए निर्देश
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान

एटा। अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आयोजित बीडब्ल्यूआर (ब्लॉक वीकली रिव्यू) बैठक में अनुपस्थित रहने पर चार एएनएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवकुमार राजपूत के निर्देश पर की गई। बैठक अलीगंज सीएचसी के सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता स्वयं चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवकुमार राजपूत ने की। इस अवसर पर बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया के साथ-साथ डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के मॉनिटर भी उपस्थित रहे। बैठक में एएनएम के साप्ताहिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें 37 उपकेंद्रों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। समीक्षा के दौरान चार एएनएम अनुपस्थित पाई गईं, जिनके विरुद्ध वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।
चिकित्साधीक्षक ने सभी एएनएम को कार्यों में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि एएनसी (एंटीनेटल केयर), गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लक्ष्यों की पूर्ति समय पर करने पर जोर दिया गया।












