आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालु, महर्षि मार्कंडेय मेले में उमड़ी भीड़
संवाददाता पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी जनपद के थाना घिरोर क्षेत्र स्थित
प्रसिद्ध महर्षि मार्कंडेय कुंड में आज पूर्णिमा के प्रथम दिवस पर आस्था का सागर उमड़ पड़ा। सदियों पुराना यह मेला श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पवित्र कुंड में आस्था की डुबकी लगाई। मेले में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जल अर्पित किया। कुंड के चारों ओर धार्मिक भजन-कीर्तन का वातावरण गूंजता रहा। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। मेले में झूले, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी खूब रौनक देखने को मिली। बच्चे और महिलाएं उत्साह से मेले का आनंद लेते नजर आए।
आयोजकों का कहना है कि महर्षि मार्कंडेय मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर भी है जो हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है।












