एटा में सड़क हादसा गिरोरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से ऑटो चालक की मौत
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
पत्नी और बेटा गंभीर घायल
एटा। जनपद में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। कासगंज रोड स्थित गांव गिरोरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें ऑटो चालक 45 वर्षीय आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी रेनू (41) और बेटा आनंद (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी जितेंद्र सिंह गौतम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 45 वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में रेनू और उनके बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह गौतम ने बताया कि अज्ञात बोलेरो वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।












