कौडिहार ब्लॉक में सरकारी कोटे की दुकान निरस्त, जांच में दोषी पाए गए कोटेदार करन सिंह यादव
प्रयागराज। कौडिहार ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ककरा में संचालित सरकारी राशन की दुकान को प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब ग्रामवासियों की ओर से कोटेदार करन सिंह यादव के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
ग्राम के निवासी प्रदीप यादव उर्फ काजू सहित कई अन्य ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को एक लिखित शिकायत सौंपी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कोटेदार राशन वितरण में अनियमितता बरतते हैं, तौल में कमी करते हैं और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं उपलब्ध कराते।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश दिए। आपूर्ति विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की, जिसमें कोटेदार करन सिंह यादव दोषी पाए गए। रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख किया गया कि कोटेदार ने शासनादेशों का उल्लंघन किया और वितरण व्यवस्था में अनियमितताएं बरतीं।
प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए सरकारी कोटे की दुकान को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से वे कोटेदार की मनमानी से परेशान थे, लेकिन अब न्याय मिल गया है। वहीं विभागीय सूत्रों के अनुसार, जल्द ही गांव में नई दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि पात्र कार्डधारकों को राशन वितरण में किसी तरह की दिक्कत न हो।
ये भी पढ़ें अयोध्या में ऐतिहासिक ध्वजारोहण: 25 नवम्बर को राम मंदिर के शिखर पर लहराएगा भगवा ध्वज












