हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत, ममेरा भाई घायल
संवाददाता: अश्विनी कुमार हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया। हादसा गांव बिसावर के पास उस समय हुआ जब दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
मृतक की पहचान कौशल पुत्र सत्यवीर सिंह, निवासी नया नगला, कोतवाली हाथरस गेट, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कौशल अपने ममेरे भाई के साथ सादाबाद में एक रिश्तेदार की शादी के कार्ड बांटने गया था। देर रात लौटते समय बिसावर के निकट उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में कौशल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में जिला अस्पताल ले जाने पर भी चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। वहीं, उसका ममेरा भाई घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
कौशल अविवाहित था और राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: कंधई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक बनाने वाला गिरफ्तार












