जनसमस्याओं पर जीरो टॉलरेंस: विनीत गर्ग के सख़्त निर्देश—समाधान प्रकोष्ठ बैठक में तेज़ होगा शिकायत निस्तारण अभियान
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा
पानीपत, 5 दिसंबर।
जिला सचिवालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जनता की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण को लेकर प्रशासन ने गति बढ़ा दी है। बैठक की वर्चुअल अध्यक्षता करते हुए हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग) विनीत गर्ग (आईएएस) ने साफ कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निपटान निर्धारित समय-सीमा के भीतर, पारदर्शिता के साथ और पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएँ प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई तय है।
निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने बैठक में बताया कि सभी विभागों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि वे अपनी शाखाओं से संबंधित शिकायतों का तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक तेज़, सरल और सहज बनाया जा रहा है ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके।
बैठक के बाद अतिरिक्त आयुक्त ने अधिकारियों के साथ अलग से चर्चा कर आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए और कहा कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों को समयबद्ध समाधान प्राप्त होगा।
बैठक में निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, सीएमओ विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी (हेडक्वार्टर) सतीश वत्स, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल, डीएफएससी कुमारी नीतू, फिशरी अधिकारी अनुज कुमारी, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, एसडीओ पशुपालन विभाग डॉ. श्री भगवान, संजीव शर्मा, जोगिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












