सुशासन दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित: डीसी दहिया
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
आवेदन 13 दिसंबर तक, 25 दिसंबर को दिए जाएंगे ‘गुड गवर्नेंस अवॉर्ड’
पानीपत, 10 दिसंबर। हरियाणा सरकार द्वारा सुशासन को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही हरियाणा सुशासन पुरस्कार योजना के तहत वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को 25 दिसंबर 2025 को ‘गुड गवर्नेंस अवॉर्ड’ प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 दिसंबर 2025 तय की गई है। डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पुरस्कार योजना शासन में पारदर्शिता, नवाचार और बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करती है। ऐसे अधिकारी और कर्मचारी, जिनके अभिनव और प्रभावी प्रयासों ने प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार किया है, उन्हें इस योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार के विभागों, बोर्ड, निगम, सोसाइटी, विश्वविद्यालय और अधीनस्थ उपक्रमों में कार्यरत सभी पात्र कर्मचारी (रेगुलर व अनुबंधित) इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन अपने कार्यालय प्रमुख, विभागाध्यक्ष या एडमिनिस्ट्रेटिव सेक्रेटरी के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल
haryanagoodgovernanceawards.haryana.gov.in पर किया जा सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आईएएस अधिकारी, विभागाध्यक्ष तथा एडमिनिस्ट्रेटिव सेक्रेटरी इस योजना में शामिल नहीं हैं। डॉ. दहिया ने कहा कि जिन अधिकारियों/कर्मचारियों ने टीम के रूप में या व्यक्तिगत रूप से इनोवेटिव और प्रभावी कार्य किए हैं, वे अपने आवेदन अपने संगठन/विभाग को भेजें। विभाग द्वारा जांच कर सिफारिशों के साथ आवेदन आगे भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्टेट-लेवल और डिस्ट्रिक्ट-लेवल दोनों श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। कोई भी विभाग अपनी एक से अधिक स्कीम/प्रोजेक्ट के लिए नामांकन भेज सकता है।
सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मुख्य सचिव के हस्ताक्षर युक्त अवॉर्ड सर्टिफिकेट और नकद इनाम प्रदान किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी https://csharyana.gov.in तथा
haryanagoodgovernanceawards.haryana.gov.in पर उपलब्ध है।












