“न्यायालय में केस लंबित, फिर भी खेत पर कब्जे का आरोप”
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम नगला रमई में एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित किसान के अनुसार जमीन का आपसी बंटवारा न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद इसके विपक्षी पक्ष विवादित भूमि पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा है। किसान का कहना है कि मामला न्यायालय में होने के बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा है और खेत पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया गया, जिससे परिवार में भय और तनाव है। परेशान किसान ने जिला अधिकारी से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
डीएम कार्यालय ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। किसान का कहना है कि जब तक अदालत में फैसला नहीं हो जाता, तब तक जमीन पर कब्जे की किसी भी कोशिश को रोका जाना जरूरी है।












