संदिग्ध हालात में गर्भवती महिला की मौत, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद के करहल थाना क्षेत्र के नगला मदारी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक गर्भवती महिला की मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायका पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने करहल थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। आरोप है कि विवाहिता के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी मौत हुई है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।












