जनता समाधान शिविर में प्रशासन सख्त, हर शिकायत का होगा समयबद्ध निपटारा
निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल पानीपत | हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनता समाधान शिविर के अंतर्गत सोमवार को पानीपत में जन शिकायतों की सुनवाई की गई।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के निर्देशों के तहत
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि जनता द्वारा दर्ज की गई प्रत्येक शिकायत प्रशासन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
डॉ. संजय ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का स्थायी और पारदर्शी समाधान संभव हो पा रहा है।
इस अवसर पर डीएसपी राजबीर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर कहा कि सभी मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
प्रत्येक शिकायत की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डीडीपीओ राजेश शर्मा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि
विभाग जन समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को चाहिए कि वे संवेदनशीलता और तत्परता के साथ शिकायतों का निपटारा करें, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं,
जिन पर निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने समाधान के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता यशपाल ने जिला सचिवालय परिसर में
सट्टा लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भूलन सिंह ने अपने दिव्यांग पोते नमन के लिए इलेक्ट्रिक रिक्शा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। वहीं नफीसा ने नया राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी।
कुलदीप, निवासी धर्मगढ़ ने बिजली के तारों के टकराने से लगभग 800 एकड़ पराली जलकर नष्ट होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर आईटीआई प्राचार्य डॉ. कृष्ण, एलडीएम राजकुमार, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, डॉ. दीप सिखा, जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी, सहायक कृषि अभियंता सुधीर, डीपीओ परमिंदर, एसडीओ सूबे सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें नागरिक सुरक्षा वार्डनों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण गाजियाबाद में जारी












