आईटीआई कॉलेज में ‘ऑपरेशन जागृति 5.0’: एएसपी ने एलोपमेंट, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर किया छात्रों को जागरूक

आईटीआई कॉलेज में ‘ऑपरेशन जागृति 5.0’: एएसपी ने एलोपमेंट, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर किया छात्रों को जागरूक

संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान | एटा

एटा पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन जागृति फेस 5.0’ के तहत कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित आईटीआई कॉलेज में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा, योगेन्द्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को एलोपमेंट (घर से भागना), किशोरावस्था से जुड़ी समस्याओं, साइबर सुरक्षा, गुड टच–बैड टच तथा नशा मुक्ति जैसे अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। एएसपी योगेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि किशोरावस्था एक संवेदनशील समय होता है, जिसमें भावनाएं तीव्र होती हैं और निर्णय लेने की क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होती। ऐसे में झूठे वादों, भावनात्मक दबाव, लालच या सोशल मीडिया के जरिए बच्चों को आसानी से बहकाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एलोपमेंट किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह एक कानूनी अपराध है, जो बच्चों को असुरक्षा और भविष्य के गंभीर संकट की ओर धकेल देता है। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी गई, ताकि वे किसी भी समस्या की स्थिति में समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें। एएसपी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को दबाने के बजाय परिवार, शिक्षकों या पुलिस से खुलकर साझा करें। उन्होंने साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें, अनजान लोगों से बातचीत और निजी जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही नशा मुक्ति के महत्व को बताते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य चुनने का संदेश दिया। यह जागरूकता कार्यक्रम एडीजी ज़ोन आगरा अनुपमा कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

एटा पुलिस ने इस पहल के माध्यम से छात्रों को “बहकावे से बचें, जागरूक रहें और सुरक्षित भविष्य चुनें” का संदेश दिया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें