जनपद अलीगढ़ में जिला न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जिला कारागार का संयुक्त रूप से व्यापक निरीक्षण किया गया।
मंडल संवाददाता अमित चौहान
निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए संतरी ड्यूटी, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश–निकास व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही बंदियों की स्थिति, उनकी संख्या, आवासीय व्यवस्था तथा अनुशासन संबंधी पहलुओं पर भी ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त कारागार परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाएँ, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत संबंधित कारागार अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं मानक अनुरूप बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी मूलभूत सुविधाएँ सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जा सकें और कारागार संचालन बेहतर ढंग से हो सके।












