सरकंडी प्रकरण पर प्रधानों का हुंकार! जेल भेजी गई प्रधान के समर्थन में उतरा अखिल भारतीय प्रधान संगठन, सीएम को ज्ञापन—‘चुनाव से पहले साजिशन बदनाम किए जा रहे ग्राम प्रधान’
फतेहपुर। असोथर ब्लॉक की सरकंडी ग्राम पंचायत की प्रधान पुष्पा द्विवेदी के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर अब मामला सियासी और प्रशासनिक गर्मी पकड़ता जा रहा है। कथित तौर पर गलत तरीके से कार्रवाई कर जेल भेजे जाने के विरोध में अखिल भारतीय प्रधान संगठन खुलकर समर्थन में आ गया। संगठन के बैनर तले प्रधानों ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से सौंपा।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधानों की छवि को जानबूझकर धूमिल करने की साजिश रची जा रही है। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल लगभग साढ़े चार वर्ष पूरा हो चुका है और इस दौरान प्रधानों ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से काम किया है।
प्रधान संगठन का आरोप है कि पंचायत चुनाव नजदीक आते ही जिले के आला अधिकारी चुनिंदा ग्राम पंचायतों में जांच कराकर विरोधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उदाहरण देते हुए बताया गया कि विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत नहरखोर और दूलापुर में बिना धारा-6 की नोटिस दिए ही प्रधानों को पदमुक्त कर दिया गया।
इसी क्रम में असोथर की सरकंडी ग्राम पंचायत की महिला प्रधान पुष्पा द्विवेदी के मामले का जिक्र करते हुए कहा गया कि सितंबर माह में खंड विकास अधिकारी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में वह नामजद नहीं थीं, बावजूद इसके चार्जशीट में आनन-फानन में नाम जोड़कर उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। संगठन का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रधानों की छवि खराब करने की सोची-समझी प्रक्रिया प्रतीत होती है।
प्रधानों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस घटना से जिले भर के ग्राम प्रधानों में भारी आक्रोश है और शासन-प्रशासन की ऐसी कार्रवाइयों से वे गहरी नाराजगी महसूस कर रहे हैं। यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर सिद्धनाथ, धर्मराज, उदय सिंह, तीरथ प्रसाद, राजकुमार, रजा हुसैन, वीरेन्द्र शिवहरे, शिवपूजन तिवारी, बीनू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।












