सुशासन दिवस पर पानीपत में संकल्प: सही आचरण, ईमानदारी और इच्छा शक्ति से ही जनता का विश्वास जीता जा सकता है
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल पानीपत
पानीपत, 



जिला सचिवालय पानीपत में गुरुवार को सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सही आचरण और मजबूत इच्छा शक्ति से किया गया कार्य ही सुशासन का मूल मंत्र है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की सेवा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की यह जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन दिवस पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि पानीपत जिला सुशासन के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करे और अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बने। उन्होंने कहा कि जब कोई पीड़ित व्यक्ति कार्यालय में आता है तो वह उम्मीद और विश्वास लेकर आता है, ऐसे में उसकी समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका समाधान करना प्रशासन का कर्तव्य है। उन्होंने सुशासन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर मनाया जाता है। अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर भारत की संप्रभुता और आत्मसम्मान को विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से देश के लाखों गांवों को सड़कों से जोड़ा और विकसित भारत की मजबूत नींव रखी। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन, पारदर्शिता और स्पष्ट नीति के साथ देश को नई दिशा दी है, जिसके परिणामस्वरूप आज हर जिला किसी न किसी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, संयम और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। सरकार की नीतियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। पारदर्शिता और न्यायसंगत निर्णय ही अंत्योदय की भावना को साकार करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में मेरिट आधारित व्यवस्था लागू की गई है और समान रूप से विकास कार्य हो रहे हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर, बिना किसी लालच और दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सुशासन दिवस के अवसर पर सभी को शपथ दिलाई कि वे निष्पक्ष और ईमानदार प्रशासन देंगे। साथ ही शिक्षा मंत्री और विधायक को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन सुशासन के क्षेत्र में अन्य जिलों से बेहतर कार्य करेगा।
इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गजेन्द्र सलुजा, एडीसी डॉ. पंकज यादव, एएसपी हर्षित गोयल, निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, मेयर कोमल सैनी और सांसद प्रतिनिधि गजेन्द्र सलुजा को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए।
कार्यक्रम में पंचकूला से आयोजित राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का त्वरित प्रसारण भी किया गया तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा विकासात्मक फिल्म भी प्रदर्शित की गई।












